हनुमानगढ़ के सतीपुरा क्षेत्र में अवैध तरीके से संचालित की जा रही शराब ब्रांच पर जंक्शन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 31 ब्रांड की अंग्रेजी-देशी शराब और बीयर के कुल 280 नग बरामद किए। पुलिस ने मौके पर शराब बेच रहे शिव कुमार को गिरफ्तार किया है। वहीं, ब्रांच संचालन के मामले में राजेंद्र चौधरी और मंगत सिंह को नामजद किया गया है। कार्रवाई की सूचना के बाद मुख्य संचालक मौके से फरार बताया जा रहा है। डीएसटी की सूचना पर कार्रवाई जंक्शन पुलिस के अनुसार डीएसटी से मिली सूचना के आधार पर एसआई साहबराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सतीपुरा में संचालित हो रही अवैध शराब ब्रांच पर दबिश दी। टीम ने मौके पर शराब की बिक्री करते हुए शिव कुमार को पकड़ लिया। इसके बाद ब्रांच की तलाशी लेकर अलग-अलग ब्रांड की शराब और बीयर जब्त की गई। 14 बोतल, 217 पव्वे और 20 हाफ पुलिस के अनुसार कार्रवाई में 31 ब्रांड के कुल 280 नग बरामद हुए। इनमें 14 अंग्रेजी शराब की बोतलें, 19 बीयर की बोतलें, 10 बीयर केन, अंग्रेजी व देशी शराब के 217 पव्वे और 20 हाफ बोतलें शामिल हैं। संचालकों की तलाश में जुटी पुलिस प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने आया कि अवैध शराब ब्रांच का संचालन राजेंद्र चौधरी और मंगत सिंह द्वारा किया जा रहा था। दोनों को मामले में नामजद किया गया है। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के बाद मुख्य संचालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। आपूर्ति नेटवर्क भी जांच के दायरे में पुलिस ने बरामद शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस ब्रांच के संचालन के साथ शराब की आपूर्ति और इस मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।