हनुमानगढ़ में राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हो गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें 150 से ज्यादा स्काउट और गाइड शामिल हुए। रैली को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रेमपुरा के प्रिंसिपल रजनीश गोदारा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के अलग-अलग रास्तों से गुजरी और लोगों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने और जीवनशैली में बदलाव लाकर प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिए जागरूक करना था। मुख्य अतिथि रजनीश गोदारा ने स्कूलों से स्काउट-गाइड कार्यक्रम शुरू करने की अपील की। सीओ स्काउट भारतभूषण ने बताया कि शिविर में स्काउट-गाइड को पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी गई और कई गतिविधियां भी हुईं। प्रतिभागियों को यूनिफॉर्म, टी-शर्ट और कैप भी बांटे गए।