हनुमानगढ़ के टाउन नगर परिषद कार्यालय में सोमवार को सेवा सेतु अभियान का शिविर लगा। इसमें कई विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि नहीं पहुंचे, जिससे उनकी कुर्सियां खाली रहीं। सेवाओं का फायदा लेने आए नागरिकों को परेशानी हुई। शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, आयुर्वेद और उपपंजीयक विभाग का कोई प्रतिनिधि नहीं आया। इन विभागों से जुड़े काम करवाने आए लोग निराश हुए। सहायक प्रशासनिक अधिकारी तुलसीराम ने बताया कि राज्य सरकार 7 से 16 अक्टूबर तक सेवा सेतु अभियान चला रही है। इसका मकसद योजनाओं का फायदा ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है। अभियान में नामांतरण, जन्म-मृत्यु, विवाह पंजीकरण, समाज कल्याण, स्वनिधि व आवास योजना, नगरीय विकास कर, बिजली और साफ-सफाई जैसे काम हो रहे हैं। तुलसीराम ने कहा कि सूचना के बावजूद नहीं पहुंचने वाले प्रतिनिधियों को दोबारा बुलाया जाएगा।