भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और निर्णायक मुकाबला आज रात 3:30 बजे से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था, ऐसे में यह मुकाबला सीरीज जीतने के लिहाज से बेहद अहम हो गया है।

हेगले ओवल में भारत के लिए बड़ी चुनौती

क्राइस्टचर्च का हेगले ओवल स्टेडियम भारतीय टीम के लिए अब तक मुश्किल रहा है। भारतीय टीम ने क्राइस्टचर्च में अब तक कुल 6 टेस्ट मैच खेले हैं और सभी में हार का सामना किया है। इसमें से एक मैच इसी मैदान (हेगले ओवल) पर साल 2020 में खेला गया था, जिसमें भारत को 7 विकेट से हार मिली थी। भारतीय टीम इस बार इतिहास बदलने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

गुरनूर बरार को मिल सकता है मौका, सिराज पर संशय

मैच से पहले गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने टीम कॉम्बिनेशन को लेकर महत्वपूर्ण संकेत दिए हैं। मोर्केल ने युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार की जमकर तारीफ की है और कहा कि हेगले ओवल की पिच उनकी गेंदबाजी के लिए आदर्श है। इसके चलते बरार का टेस्ट डेब्यू तय माना जा रहा है। वहीं, मोहम्मद सिराज की फिटनेस और फॉर्म को लेकर संशय बना हुआ है, जिसके कारण प्रसिद्ध कृष्णा को भी मौका मिल सकता है।

पिच और मौसम का मिजाज

हेगले ओवल की पिच पर तेज गेंदबाजों को काफी उछाल मिलने की उम्मीद है, जो दोनों टीमों के तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है। क्राइस्टचर्च के मौसम की बात करें तो पहले तीन दिन आसमान साफ रहने का अनुमान है, जबकि आखिरी दो दिनों में बारिश खेल में बाधा डाल सकती है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

  • भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी/अंशुल कंबोज/आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज/प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार।
  • न्यूजीलैंड: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जेमिसन, मैट हेनरी, जैकब डफी/ब्लेयर टिकनर।