जिले के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। पाली के एसपी ऑफिस में सीआई के पद पर कार्यरत होने का झूठा झांसा देकर एक व्यक्ति ने पांच लाख रुपए की धोखाधड़ी की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। औद्योगिक नगर थाना पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी नगर हाउसिंग बोर्ड निवासी शिवराज पुत्र मेवाराम ने रिपोर्ट दी, जिसमें बताया कि सुरेंद्रसिंह उससे मिला और खुद को पुलिस निरीक्षक (सीआई) बताते हुए कहा कि वह पाली एसपी ऑफिस में तैनात है। आरोपी ने उसे अपनी बातों में फंसाया और विश्वास में लेकर उससे 5 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब पीड़ित ने अपने रुपए वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और कई बार मांगने पर भी पैसे नहीं लौटाए। आरोपी के रवैये से परेशान होकर आखिरकार पीड़ित ने औद्योगिक नगर थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।