जयपुर में बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए लूटकर भागे 3 बदमाश अब तक पकड़ में नहीं आए हैं। तीनों ओला-उबर कंपनी में अपनी कार चलाते थे। एक बदमाश ने वारदात से पहले अपनी गर्लफ्रेंड से रेकी करवाई थी। पुलिस ने लूट के 26.80 रुपए के साथ युवती को पकड़ लिया है, जिसने पूछताछ में ये खुलासा किया। बदमाशों ने अपने एक बैंक कर्मचारी परिचित से भी जानकारी ली थी। वारदात के बाद तीनों अपनी कार छिपाकर भाग गए। मामला रामनगरिया थाने का है। डीसीपी (ईस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया कि लूट के मामले में गिरफ्तार आरोपी युवती अंशु कुमारी जाटव (22) निवासी नदबई भरतपुर से पूछताछ की जा रही है। युवती रामनगरिया इलाके में किशनपुरा के बजरंग दीप-प्रथम में किराए से रहकर डी-मार्ट में जॉब करती है। मामले में युवती के फरार बॉयफ्रेंड मासलपुर करौली निवासी मस्तराम मीणा और उसके दो दोस्त पुष्पेंद्र मीणा उर्फ पुस्सी व सुमित जंगम की तलाश जारी है। तीनों आरोपी जयपुर में अपनी-अपनी कार ओला-उबर कंपनियों में टैक्सी के तौर पर चलाते हैं। दोस्तों ने मिलकर वारदात की, गर्लफ्रेंड से करवाई रेकी पुलिस सूत्रों के मुताबिक- मामले में गिरफ्तार युवती अंशु और ओला-उबर कैब ड्राइवर मस्तराम मीणा की करीब 6-7 महीने पहले दोस्ती हुई थी। प्रेम-प्रसंग बढ़ने पर पिछले डेढ़ महीने से दोनों एक-साथ रह रहे थे। कर्जा होने और मौज-मस्ती के लिए रुपए नहीं होने पर मस्तराम और दो अन्य दोस्त परेशान थे। तीनों दोस्तों ने मिलकर लूट की प्लानिंग की थी। बैंक में कार्यरत एक परिचित के जरिए अक्षयपात्र चौराहा स्थित एटीएम बूथ में कैश डिपोजिट मशीन के बारे में जानकारी ली थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आपराधिक प्रवृत्ति से जुड़े होने के कारण तीनों ने आसानी से पिस्तौल का इंतजाम कर लिया। आरोपी मस्तराम ने अपनी गर्लफ्रेंड को दो-तीन बार भेजकर एटीएम बूथ की रेकी करवाई। गणेश चतुर्थी के दिन सुबह बैंक खुलते ही गर्लफ्रेंड अंशु को निगरानी के लिए भेज दिया। एटीएम बूथ में कैश डिपोजिट मशीन से रुपए निकालते बैंक की दो महिलाएं और एक आदमी को देखते ही आरोपी अंशु ने अपने बॉयफ्रेंड को कॉल कर बताया। अंशु वहां से निकल गई और तीनों बदमाश पहुंचे। वारदात के बाद कारों को छिपाकर भागे बैंक कर्मचारियों के बैग में 41.70 लाख रुपए लेकर बाहर निकलते ही बदमाश हथियार के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि लूट से पहले बदमाशों ने जयपुर में ही अपनी-अपनी टैक्सी कारों को छिपा दिया। जांच में तीनों कारों का जीपीएस सिस्टम आउट मिला है। CCTV फुटेजों को खंगालने पर पता चला कि तीनों कार जयपुर से बाहर नहीं निकली हैं। पुलिस को लूट में इस्तेमाल अपाची बाइक भी नहीं मिली है। माना जा रहा है कि वारदात के लिए बदमाशों ने पहले बाइक चुराई है। पुलिस का मानना है कि तीनों बदमाश लूट के 14.90 लाख रुपए लेकर टैक्सी कार हायर कर जयपुर से बाहर निकल गए। पीछा करते हुए पहुंची पुलिस की टीमें करौली-धौलपुर के डांग इलाकों में बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। --- वारदात से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए- युवती ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर लूटे 41.70 लाख रुपए, गिरफ्तार:लड़की ने ही की थी बैंक कर्मचारियों की रेकी, किराए के कमरे से 26.80 लाख रुपए बरामद जयपुर में कैश डिपोजिट मशीन से रुपए निकालने गए बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने बुधवार को युवती को अरेस्ट किया। (पूरी खबर पढ़ें) जयपुर में बैंक ATM पर पिस्तौल दिखाकर 42 लाख लूटे,VIDEO:कर्मचारियों ने डिपोजिट मशीन से निकाला था कैश, बैग छीनकर फरार हो गए बदमाश जयपुर में अक्षयपात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM बूथ पर 42 लाख रुपए की लूट हो गई। (पढ़िए पूरी खबर)