जयपुर में अक्षयपात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM बूथ पर 42 लाख रुपए की लूट हो गई। बैंककर्मी एटीएम बूथ में लगी डिपोजिट मशीन से रुपए निकालने आए थे। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश हेलमेट लगाकर आए और पिस्तौल दिखाकर रुपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना सोमवार सुबह करीब 10:41 बजे की है। रामनगरिया थाना पुलिस ने लूट की सूचना पर नाकाबंदी करवाई, लेकिन बाइक सवार लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस वारदात स्थल पर लगे CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। CCTV फुटेज में नजर आ रहा है कि बदमाशों ने महज 30 सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया। पहले देखिए, CCTV के फुटेज... 3 कर्मचारियों ने डिपोजिट मशीन से निकाला था कैश SHO रामनगरिया अनिल टेलर ने बताया- बैंक के तीन कर्मचारी (2 महिला और पुरुष) एटीएम बूथ की डिपोजिट मशीन से कैश निकालने आए थे। उन्होंने बैंक की तीन दिन की छुट्‌टी के बाद कैश निकाला था। सुबह करीब 10:42 बजे काले बैग में 42 लाख रुपए भरकर ATM बूथ से निकले थे और बैंक की बिल्डिंग में अंदर जा रहे थे। इसी दौरान पावर बाइक पर हेलमेट लगाकर कुछ दूरी पर खड़े दो बदमाश तेजी से आए। बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर बैंक कर्मचारियों को डराया। फिर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बैंक कर्मचारियों से धक्का-मुक्की कर दोनों बदमाश बाइक पर बैठकर तेजी से फरार हो गए। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने बैंक कर्मचारियों से लूट के बारे में जानकारी जुटाई। रेकी की, फिर वारदात को अंजाम दिया पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पूरी प्लानिंग के तहत वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों को बैंक कर्मचारियों के एटीएम बूथ की डिपोजिट मशीन से रुपए निकालकर ले जाने के बारे में जानकारी थी। रेकी के बाद बदमाशों ने निकाय चुनाव मतगणना और गणेश चतुर्थी पर्व का समय सही अवसर समझकर वारदात को अंजाम दिया।