निकाय चुनावों को लेकर जयपुर शहर बीजेपी ने तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर लिया है। यह पैनल अब प्रदेश बीजेपी में स्क्रीनिंग कमेटी के सामने रखा जाएगा। स्क्रीनिंग कमेटी की मुहर के बाद टिकटों का एलान होगा। जयपुर नगर निगम में पार्षद के टिकट के लिए आवेदन करने वालों में कई बड़े चेहरे भी शामिल हैं। वहीं कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए नेता भी खुद और अपने परिवार के सदस्यों के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र से उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी के सामने चुनाव लड़ चुके सीताराम अग्रवाल भी अपने भतीजे महेश अग्रवाल के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। सीताराम अग्रवाल आज जयपुर संभाग के प्रभारी और पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। बता दें कि सीताराम अग्रवाल ने लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी जॉइन की थी। उन्हें दीया कुमारी ने बीजेपी जॉइन कराई थी। इस मौके पर प्रभुलाल सैनी ने कहा कि हम तो केवल यह देख रहे है कि जिस दिन आवेदन हो रहा है, आवेदन करने वाले बीजेपी का सदस्य है या नहीं। ऐसे लोगों को भी आवेदन करने करने का अधिकार है। जरूरी होने पर ऐसे लोगों के नाम पर भी पार्टी विचार कर सकती है। पूर्व जिलाध्यक्षों ने भी मांगी पार्षद की टिकट जयपुर नगर निगम के पार्षद के लिए कई वरिष्ठ नेताओं ने भी आवेदन किया है। इनमें तीन पूर्व जिलाध्यक्ष भी शामिल हैं। जयपुर शहर बीजेपी के अध्यक्ष रहे संजय जैन, शैलेन्द्र भार्गव और सुनील कोठारी ने भी पार्षद के टिकट के लिए आवेदन किया है। इसके साथ ही शहर बीजेपी में जिला महामंत्री राजेश ताम्बी ने भी टिकट के लिए आवेदन किया है। वहीं शहर बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी पार्षद का टिकट मांगा है। इन नेताओं में रघुनाथ नरेड़ी, विमल अग्रवाल, मनीष पारीक, अरूण खटोड, केदार शर्मा, जितेन्द्र श्रीमाली और अनुराग खेतान शामिल हैं।