जयपुर सेंट्रल जेल में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के तहत 4 विचाराधीन बंदियों के पास से मोबाइल बरामद किए गए हैं। मामले में लालकोठी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सब इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि जेल प्रहरी अनिल कुमार ने जेल से मोबाइल मिलने पर मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस मामले में मोबाइल फोन जेल के अंदर पहुंचने और इनके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। 4 विचाराधीन बंदियों के पास मिला मोबाइल दरअसल, 22 अगस्त की दोपहर 12 बजे से 1 बजे के तक तलाशी अभियान चल रहा था, इस दौरान सेंट्रल जेल के वार्ड 7 और वार्ड 4 की बैरक नंबर 1 में बंद विचाराधीन बंदी जुबैर पुत्र फकीर मोहम्मद पठान के पास से मोबाइल बरामद किया है। बंदी के पास गुलाबी रंग का ए-26 मॉडल बरामद किया गया है। इसके अलावा वार्ड की बैरक नंबर-3 की तलाशी के दौरान नमो नमो उर्फ नईमुद्दीन के कब्जे से सिल्वर रंग का ए-27 मॉडल मोबाइल बरामद किया वहीं योगेंद्र उर्फ योगराज सिंह के पास से गोल्डन रंग का ए-27 मॉडल मोबाइल फोन मिला। इसके अलावा वार्ड नंबर 7 की बैरक नंबर 5 में बंदी विकास भाकल पुत्र रविन्द्र भाकल से सिल्वर रंग का ए-27 मॉडल मोबाइल फोन बरामद किया गया। मामले में पुलिस ने प्रिजन एक्ट की धारा 42 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।