जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- अब तक 1 लाख 93 हजार युवाओं की सरकारी भर्ती में नियुक्तियां हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने बताया- 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन हैं। वहीं सवा लाख भर्तियों का कैलेंडर निकाल दिया है। जयपुर के भवानी निकेतन कॉलेज में शुक्रवार को ‘सपनों की उड़ान-सशक्त युवा संवाद’ कार्यक्रम में सीएम ने यह कहा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद किया। उन्होंने नवनिर्वाचित RAS से भी बातचीत की। राज्य सरकार के ‘जन सेवा हो प्रभु सेवा’ अभियान में युवाओं को सुशासन और नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया। सीएम भजनलाल ने कहा- कांग्रेस के लोगों से कहना चाहता हूं कि आप डायरी-पेन निकाल लो। ढाई साल पहले युवाओं के साथ कुठाराघात होता था। अब ढाई साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। सीएम ने कहा- RAS की भर्ती तीन साल से लगातार निकल रही है। पहले तीन साल में एक बार निकलती थी। खेलो राजस्थान गेम पोर्टल का किया शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ‘खेलो राजस्थान गेम्स पोर्टल’ और ‘प्रतिभा/खेल मित्र’ पहल का शुभारंभ किया। इसके जरिए खेल प्रतियोगिताओं की जानकारी और रजिस्ट्रेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पोर्टल पर प्रतियोगिताओं के लिए रजिस्ट्रेशन 2 अक्टूबर से 16 नवंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता 1 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक होगी। वहीं कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 'नई किरण' नशा मुक्ति पोर्टल, 'स्मार्ट मूल निवास प्रमाण' पत्र सेवा का शुभारंभ किया। कार्यकम में डिप्टी सीएम दीया कुमारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन, खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, राज्य मंत्री केके बिश्नोई, अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत मौजूद रहे। 3075 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास CM भजनलाल शर्मा ने बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बारां, बूंदी, झालावाड़ और कोटा जिलों के विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। सीएम ने 3075 करोड़ के 668 कामों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। एशियाई खेल विजेताओं किया सम्मान कार्यक्रम में एशियाई खेल विजेता राजस्थान के खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। एशियन गेम में अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता निशानेबाज अनंतजीत सिंह नरुका को CM ने 60 लाख का चेक भेंट किया। माहेश्वरी चौहान को 30 लाख की राशि दी है। निशानेबाजी में एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले दिव्यांग खिलाड़ी कुशाग्र राजावत को एक करोड़ का चेक दिया गया। CM ने कहा- नशे की लत से युवाओं को बचाना जरूरी है। उन्होंने कहा- अब तक प्रदेश में 1 लाख 93 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति दे चुके हैं। CM बोले- हमने कर दिखाया मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- मेरे कांग्रेस के साथियों ने कहा था कि आप इतनी नौकरियां नहीं दे पाओगे, लेकिन मैं कहता हूं कि मैंने मेरे युवाओं से वादा किया था, वो पूरा करेंगे। कांग्रेस से कहना चाहता हूं कि हम कोताई नहीं करते हैं। कहा- कांग्रेस 40 दिन होटल में रह सकती है सीएम ने कहा- पिछली कांग्रेस सरकार लगातार चुनाव करती रही। इससे आर्थिक भार आता है, लेकिन उनको क्या वे तो 40 दिन होटल में रह सकते हैं। सहकारिता में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार कर रखा था। पोर्टल तक नहीं खोले। हमने पोर्टल खोले ओर 10 हज़ार लोग जुड़े।