जयपुर वेस्ट पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कमीशन के लालच में साइबर ठगी करने वाले लोगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध करवाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस खाते के माध्यम से 15 लाख रुपए से अधिक की ठगी की रकम का लेन-देन किया गया। वैशाली नगर थाना क्षेत्र से आरोपी अंकित जांगिड़ निवासी श्रीराम विहार करणी विहार जयपुर पश्चिम को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मुख्यालय की ओर से साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘म्यूल हंटर’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कमीशन के लालच में उपलब्ध कराया बैंक खाता डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- साइबर सेल प्रभारी अनिल कुमार और साइबर सेल टीम के साथ तकनीकी शाखा ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को बैंक खाते उपलब्ध करवाता था। इन खातों का इस्तेमाल ठगी से प्राप्त अवैध रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए किया जाता था। पुलिस ने आरोपी से एक मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और दो एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि बैंक खाते के माध्यम से किन-किन साइबर ठगी की वारदातों की रकम का लेन-देन हुआ और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ठगी की रकम के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।