जयपुर में ससुराल वालों से परेशान युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन शाम को उसको बुलाने गए तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजे के कांच से अंदर देखा तो युवक फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने उसे नीचे उतारकर डॉक्टर को बुलाया। इसके बाद उसे SMS हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक देवेंद्र शर्मा (30) के कमरे से सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने लिखा था कि मेरी मौत के जिम्मेदार मेरे ससुराल वाले हैं। मेरे घर वालों को परेशान कर रहे हैं। उनसे पैसे मांग रहे हैं। मेरी पुलिस से प्रार्थना है कि मेरे परिवार वालों को न्याय मिले। मामला जामडोली थाना क्षेत्र में रविवार शाम 5 बजे का आनंद नगर विस्तार आगरा रोड का है। देवेंद्र के भाई विशाल शर्मा ने सोमवार को जामडोली थाने में मामला दर्ज कराया। देवेंद्र के मामा रत्नलाल शर्मा ने बताया- देवेंद्र की शादी 29 अप्रेल 2026 को हुई थी। शादी के दूसरे दिन ही उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद ससुराल वाले देवेंद्र को प्रताड़ित करने लगे और उसके साथ गाली-गलौज की। मामा ने बताया कि शादी के करीब 15 दिन बाद बहू रितिका उर्फ रिंकू वापस ससुराल आई और मायके वालों को बुलाकर जेवर, कपड़े और अन्य सामान लेकर चली गई। मामा रत्नलाल ने आरोप लगाया- करीब 10-12 दिन पहले रेनवाल (सीकर) पुलिस ने समझौते की बात कहकर मुझे और देवेंद्र को थाने बुलाया था। वहां देवेंद्र पर दबाव बनाकर बयान लिए गए। भाई ने कमरे में फंदे पर लटका देखा देवेंद्र के भाई विशाल ने बताया कि मां ने 11 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे मुझे फोन करके बताया कि देवेंद्र कमरे के अंदर से जवाब नहीं दे रहा है। इसके बाद मैं अपनी पत्नी के साथ घर पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजे के कांच से अंदर देखा तो देवेंद्र फंदे पर लटका था। आसपास के लोगों को बुलाकर देवेंद्र को नीचे उतार और डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर की सलाह पर उसे SMS हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुसाइड नोट में ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप देवेंद्र के पास मिले सुसाइड नोट में उसने ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर परिवार को परेशान करने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और रुपए की मांग करने के आरोप लगाए। नोट में उसने परिवार को निर्दोष बताते हुए जयपुर पुलिस से न्याय दिलाने की अपील की है। सुसाइड नोट में लिखे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप रत्नलाल शर्मा के मुताबिक- शादी के बाद मई महीने में देवेंद्र के खिलाफ उसकी पत्नी ने दहेज का मुकदमा दर्ज कराया था। दहेज का सामान वापस लेने के बाद भी लड़की पक्ष की ओर से शादी में खर्च हुए 10 लाख रुपए देने की मांग की जा रही थी। परिजनों ने कहा- इनसे देवेंद्र मानसिक रूप से परेशान था। समझौते के लिए बुलाने के बाद गिरफ्तारी का आरोप मामा रत्नलाल ने आरोप लगाया- रेनवाल (सीकर) पुलिस थाने में एंट्री करने के दौरान एक एसआई ने मुझे भी अंदर बंद करने की धमकी दी। एक महिला कॉन्स्टेबल ने पहले मुझे चिंता नहीं करने और छोड़ देने की बात कही, लेकिन बाद में वहां से जाने को कहा। इसके बाद देवेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। परिजनों का आरोप है कि इस घटनाक्रम से आहत होकर देवेंद्र ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने देवेंद्र की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जामडोली थाने में मर्ग दर्ज, जांच शुरू जामडोली थाना पुलिस ने देवेंद्र के भाई विशाल की रिपोर्ट पर प्रथमदृष्टया अस्वाभाविक मौत का मामला मानते हुए मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है। जांच एएसआई शिवदयाल सिंह को सौंपी गई है। एसीपी जितेंद्र सिंह ने बताया- मृतक देवेंद्र के परिजन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पोस्टमॉर्टम और एफएसएल टीम की रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। ……………….. यह खबर भी पढ़ें... 'पत्नी को मुझसे अलग कर दिया, सुसाइड कर रहा हूं':युवक ने वीडियो बनाकर भाभी को भेजा, बिजली के तार का फंदा बनाकर लटका जयपुर में युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले वीडियो बनाकर अपनी भाभी को भेजा। जिसमें कह रहा है- मेरी मौत के जिम्मेदार मेरी साली और साढू हैं। उन दोनों ने मेरी पत्नी को मुझसे अलग कर दिया है। मुझसे बात नहीं करने देते। मैं सुसाइड करने जा रहा हूं। (पूरी खबर पढ़ें)