जयपुर के झोटवाड़ा थाना इलाके में ई-रिक्शा में सवार तीन महिलाओं ने एक व्यक्ति के बैग से 3.92 लाख रुपए चोरी कर लिए। पीड़ित महेन्द्र प्रसाद ने बताया- वह ई-रिक्शा से कांटा स्टैंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान चौमूं पुलिया से तीन महिलाएं ई-रिक्शा में सवार हुईं। कांटा चौराहे पर पहुंचने के बाद अपना बैग संभाला तो उसमें रखे रुपए गायब थे। चौमूं पुलिया से कांटा चौराहे के बीच गायब हुए रुपए मामले में निवारू रोड की रानी कॉलोनी में रहने वाले महेंद्र प्रसाद ने शिकायत की है। पीड़ित कपड़े का व्यापार करता है। शिकायत में बताया- मैं 13 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे ई-रिक्शा में बैठकर कांटा स्टैंड की तरफ आ रहा था। ई-रिक्शा चौमूं पुलिया के पास पहुंचा तो उसमें तीन महिलाएं आकर बैठ गईं। इसके बाद ई-रिक्शा आगे बढ़ा और कांटा चौराहे पहुंचने के बाद बैग संभाला। बैग चेक करने पर उसमें रखे 3,92,000 रुपए नहीं मिले। 13 सितंबर को हुई वारदात, अगले दिन दर्ज हुआ मामला पीड़ित की शिकायत के आधार पर झोटवाड़ा थाना पुलिस ने 14 सितंबर को दोपहर 2:49 बजे मामला दर्ज किया। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस अब वारदात के दौरान ई-रिक्शा में सवार हुई तीनों महिलाओं की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है। सीसीटीवी और ई-रिक्शा के रूट से जुटाए जा रहे सुराग झोटवाड़ा थानाधिकारी रेजल सिंह ने बताया- शिकायत के बाद पुलिस घटना वाले रूट और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि तीनों महिलाएं ई-रिक्शा में किस स्थान से सवार हुईं और कांटा चौराहे के बाद वे किस दिशा में गईं। मामले में जांच के बाद ही चोरी की पूरी वारदात और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।