जयपुर में सोमवार को गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों में रात से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे। मोती डूंगरी गणेश मंदिर में आज सुबह 5 बजे मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू हुए। यह दर्शन रात 11:40 बजे शयन आरती तक होंगे। इस तरह श्रद्धालुओं को आज 19 घंटे से ज्यादा समय तक गणेशजी के दर्शन मिलेंगे। मोती डूंगरी गणेशजी को राजशाही पोशाक, स्वर्ण मंडित मुकुट और आभूषण पहनाकर श्रृंगार किया गया है। नहर के गणेशजी को विशेष पोशाक पहनाई गई है, जिसे तैयार करने में करीब डेढ़ महीने का समय लगा। चांदपोल स्थित परकोटा गणेश मंदिर में पंचामृत अभिषेक के बाद सोने के वर्क से श्रृंगार किया गया है। गणेश चतुर्थी पर यहां छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। सुरक्षा के लिए 72 CCTV कैमरों से निगरानी मोती डूंगरी गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 6 DFMD और 6 HSMD लगाए गए हैं। मंदिर परिसर में 72 नए CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। कैमरों की रिकॉर्डिंग 30 दिनों तक रखी जाएगी। दर्शन के लिए मंदिर में आने की 6 लाइनें और बाहर जाने की 8 लाइनें बनाई गई हैं। एक लाइन एंट्री पास के लिए रहेगी। श्रद्धालुओं की एंट्री एमडी रोड, जेएलएन मार्ग और तख्तेशाही रोड से होगी। वृद्धजनों और दिव्यांगों के लिए 100 ई-रिक्शा चलाए जा रहे हैं। इलेक्ट्रिक लो-फ्लोर बसें भी उपलब्ध की गई है। व्यवस्था संभालने के लिए 500 स्वयंसेवक लगाए गए हैं। नहर के गणेशजी को पहनाई डेढ़ महीने में तैयार पोशाक ब्रह्मपुरी पावर हाउस के पीछे माउंट रोड स्थित दाहिनी सूंड वाले नहर के गणेशजी मंदिर में 13 से 15 सितंबर तक तीन दिवसीय गणेश जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। मंदिर युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि गणेशजी को विशेष पोशाक पहनाई गई है। इस पोशाक को तैयार करने में करीब डेढ़ महीने का समय लगा। गणेश चतुर्थी पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना होगी। शाम को महाआरती के साथ भजन और भव्य आतिशबाजी होगी। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है। परकोटा गणेश मंदिर में सोने के वर्क से श्रृंगार चांदपोल स्थित परकोटा गणेश मंदिर में सुबह मंगला आरती के साथ गणेश जन्मोत्सव की शुरुआत हुई। महंत अमित शर्मा ने बताया कि भगवान गणेश का पंचामृत अभिषेक किया गया और सोने के वर्क से श्रृंगार किया गया है। गणेश चतुर्थी पर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा और इसकी झांकी सजाई जाएगी। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन होंगे। शाम को सैकड़ों दीपकों से महाआरती की जाएगी। मंदिर को लाइटिंग, फूल और बंदरवाल से सजाया गया है। 15 सितंबर को नगर भ्रमण पर निकलेंगे गणेशजी गणेश जन्मोत्सव का समापन 15 सितंबर को मोती डूंगरी गणेशजी के नगर भ्रमण के साथ होगा। शोभायात्रा मोती डूंगरी मंदिर से रवाना होकर एमडी रोड, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार और नाहरगढ़ रोड होते हुए गढ़ गणेश मंदिर पहुंचेगी।