जयपुर में करधनी थाना पुलिस ने पुलिस ने ग्राइंडर एप के जरिए लोगों को सुनसान जगह पर बुलाकर मारपीट, ब्लैकमेलिंग और लूट करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी एप के माध्यम से संपर्क कर पीड़ितों को तय सुनसान जगह पर बुलाते और फिर उनके साथ मारपीट कर लूटपाट करते थे। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी जब्त की है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों व वारदातों की जांच की जा रही है। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में ग्राइंडर एप के माध्यम से युवकों को योजनाबद्ध तरीके से सुनसान स्थानों पर बुलाकर उनके साथ मारपीट, ब्लैकमेलिंग और लूट की घटनाओं की सूचनाएं मिल रही थीं। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। संदिग्धों की गतिविधियों पर रखी निगरानी पुलिस टीम ने काफी प्रयासों के बाद गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना करधनी के प्रकरण में जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल रूलानिया (21) निवासी रूलानिया की ढाणी, गांव मारौठ, तहसील नावा, थाना मारौठ, जिला कुचामन-डीडवाना और मदन नेहरा (23) निवासी ढाबा वाली ढाणी, ढ्योढ़ी, तहसील किशनगढ़, जयपुर ग्रामीण, थाना फुलेरा के रूप में हुई है। स्विफ्ट कार जब्त पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त किया है। पुलिस अब आरोपियों से गिरोह की अन्य वारदातों और उनके संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा पूर्व में की गई वारदातों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।