जयपुर में सीएसटी की चेन स्नेचिंग टीम की सूचना पर हरमाड़ा थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए हरमाड़ा थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है। स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि आरोपी की पहचान अलराशिद उर्फ दामा (19) निवासी मकान नंबर 3031, पांचवां चौराहा, चांदपोल बाजार, थाना कोतवाली, जयपुर के रूप में हुई है। CST की चेन स्नेचिंग टीम से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई में आरोपी के पास से .32 बोर की पिस्टल के साथ तीन जिंदा कारतूस और एक देशी कट्टा व .315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी और जब्त हथियारों को हरमाड़ा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।