जयपुर के जमवारामगढ़ में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ने तीन महिलाओं को कुचल दिया, तीनों की मौत हो गई। महिलाएं एक्सप्रेसवे के डिवाइडर पर घास काट रही थी। हादसे के बाद ड्राइवर 1 किलोमीटर दूर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तीनों महिलाओं को हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। आंधी थानाधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया- हादसे में प्रेम देवी (55) पत्नी रामनाथ निवासी खेड़ावास, मनफूली देवी (50) पत्नी गोवर्धन लाल निवासी खेड़ा वास नेवर, कौशल्या देवी (45) पत्नी रामचंद्र निवासी नेवर की मौत हुई है। हादसा जमवारामगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बूज गांव की पुलिया से 20 फीट दूर रविवार शाम 5 बजे हुआ। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण एक्सप्रेसवे पर बैठ गए, जिससे 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी फंस गए। ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 17 लाख रुपए, परिवार के एक मेंबर को संविदा पर नौकरी और एक-एक डेयरी बूथ की घोषणा की। मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने जाम खोला। 5 महिलाएं एक्सप्रेसवे के बीच में घास काट रही थीं एसपी (जयपुर ग्रामीण) हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया- ठेकेदार गेंथी लाल गुर्जर ने एक्सप्रेसवे के मिड में लगी घास काटने का ठेका ले रखा है। ठेकदार का बेटा धारासिंह गुर्जर काम-काज संभालता है। सुबह धारासिंह 5 महिलाओं से घास कटवा रहा था। दो महिला मिड-वे पर लगी रेलिंग के अंदर घास काट रही थी। तीन महिलाएं रेलिंग के बाहर घास काट रही थीं। शाम 5 बजे तेज रफ्तार कार ने रेलिंग के बाहर घास काट रही तीनों महिलाओं को कुचल दिया। महिलाओं के शव देख धारासिंह गुर्जर बेहोश होकर गिर पड़ा। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी। तीसरी महिला को सीरियस होने पर हॉस्पिटल भिजवाया गया था। इसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। तीनों महिलाएं एक्सप्रेसवे के मिड में लगी घास को काट रही थी। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से कार लेकर फरार हो गया। पुलिस को घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर एक्सीडेंट करने वाली कार खड़ी मिल गई है। क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। ठेकेदार की ओर से आगे कोई सुरक्षा बैरिकेड रखा जाता तो हादसा होने से बच सकता था। बताया जा रहा है कि एक साल में इसी पॉइंट पर 8 मौत हो चुकी है। सहमति बनने पर खुला जाम एक्सीडेंट के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान मौके से गुजर रहे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को भीड़ ने घेर लिया। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़ गए। नियमानुसार मुआवजा राशि, परिवार के एक मेंबर को संविदा पर नौकरी और एक-एक डेयरी बूथ की घोषणा की गई। मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने जाम खोला। समझाइश के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीणा, एसपी हनुमान प्रसाद मीणा, सीओ रामकिशन विश्नोई सहित आस-पास के थानों का पुलिस जाब्ता तैनात रहा। …………………………… ये खबर भी पढ़ें… बस और कार की भिड़ंत, सास और दामाद की मौत:पत्नी और बेटी-बेटा घायल; मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे प्रतापगढ़ के अरनोद में निजी बस और कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार सास और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी और बेटा-बेटी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें