जयपुर में बदमाशों ने एक फार्मा कंपनी के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) को मारपीट कर लूट लिया। बदमाशों ने पहले बाइक सवार प्रताप नगर के कुंभा मार्ग निवासी सचिन अरोड़ा (45) को दूसरी दोपहिया गाड़ी से टक्कर मारी। इससे बाइक सहित सचिन रोड पर गिर गए। इसके बाद बदमाशों ने सचिन को डंडे-सरियों से जानलेवा हमला किया। फिर बैग-मोबाइल छीन ले गए। वारदातस्थल के पास लगे CCTV फुटेज में बदमाशों की करतूत कैद हो गई। मालवीय नगर के सेक्टर-3 पर 30 सितंबर की रात करीब 12 बजे यह वारदात हुई। मालवीय नगर थाना पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक सवार लुटेरों की तलाश कर रही है। ASI गंगासहाय ने बताया- सचिन एक फार्मा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) हैं। सचिन ऑफिस बंद कर रात को घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से दो बाइक पर आए पांच बदमाशों ने बाइक को टक्कर मार दी थी। पीड़ित के भाई ने कराया मामला दर्ज ASI गंगासहाय ने बताया- टक्कर लगते ही बाइक सहित सचिन रोड पर गिर गए। लूट के मकसद से आए डंडे-सरियों से लैस बदमाशों ने हमला कर दिया। इसके बाद बदमाश सचिन का बैग और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर परिजनों ने प्राथमिक इलाज के लिए घायल सचिन को SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। वहीं मालवीय नगर थाना पुलिस ने पीड़ित के भाई राहुल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने पर बदमाशों की करतूत कैद मिली। पुलिस ने फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।