जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में हुए चुनाव में जीत दर्ज करने वाले 6 नवनिर्वाचित पार्षद ऐसे हैं, जिनके खिलाफ अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं। चुनावी हलफनामों में दर्ज जानकारी के अनुसार इन पार्षदों पर मारपीट, जुआ खेलने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े आरोपों के मामले सामने आए हैं। खास बात यह है कि आपराधिक मामलों का सामना कर रहे इन 6 पार्षदों में सिर्फ एक महिला पार्षद हैं। वार्ड-118 से कांग्रेस की सुनीता गुप्ता मावर पर आईपीसी की धारा 342, 332, 353, 506 और SC/ST एक्ट की धारा3(2)(va), 3(1)(r), 3(1)(s) के तहत केस पेंडिंग है। वहीं वार्ड-52 से नवनिर्वाचित पार्षद कांग्रेस के हनुमान सैनी पर सार्वजनिक जगह पर जुआ खेलने का आरोप था , हालांकि उन पर लगे केस का निस्तारण हो चुका है। इधर वार्ड-97 से भाजपा के नवनिर्वाचित शशि प्रकाश शर्मा पर तो चोरी का आरोप है। शशि कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा-379 के तहत मामला पेंडिंग है। वार्ड-11 से भाजपा के शैलेंद्र शर्मा पर बीएनएस की धारा 126(2), 115(2) के तहत किसी को गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप है। वार्ड-74 से भाजपा के पार्षद रामपाल पर सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने के आरोप में धारा 332, 353 के तहत आरोप है। वार्ड-65 से कांग्रेस के मुकेश कुमार पर सार्वजनिक जगह पर दंगे करने के आरोप लगे हुए हैं लेकिन केस का निस्तारण हो चुका है।