दीपावली से पहले जयपुर नगर निगम ने बाजार, होटल, रेस्टोरेंट, बार सहित स्कूल-कॉलेज और अन्य कॉमर्शियल बिल्डिंगों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी है। शहर में लगातार सामने आ रहे आगजनी के हादसों को देखते हुए नगर निगम की फायर विंग ने फायर फाइटिंग सिस्टम और सुरक्षा इंतजामों में कमियां मिलने पर अब तक 120 बिल्डिंग मालिकों को नोटिस जारी किए। इन सभी को 15 दिन में फायर सेफ्टी से जुड़ी कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि तय समय में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की और नगर निगम से एनओसी नहीं ली तो संबंधित बिल्डिंग के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। पुरोहितजी का कटला हादसा बना चेतावनी नगर निगम फायर विंग की डिप्टी कमिश्नर दुर्गा कुमारी ने बताया- पुरोहितजी का कटला में हुए आगजनी के हादसे के बाद वहां सामने आई गड़बड़ियों और अनियमितताओं को दूर करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नगर निगम ने शहर के दूसरे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच तेज की है। फायर टीम की ओर से लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी सुरक्षा नियमों की अनदेखी मिल रही है, वहां भवन मालिकों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए हैं। 120 भवन मालिकों को कमियां दूर करने के निर्देश डिप्टी कमिश्नर दुर्गा कुमारी के अनुसार- 120 बिल्डिंग मालिकों को नोटिस के जरिए निर्धारित समय में कमियां दूर करने सहित आवश्यक फायर सेफ्टी व्यवस्था के लिए कहा। अधिकारियों के मुताबिक 7 से 15 दिन में संबंधित भवन मालिकों को फायर फाइटिंग सिस्टम की कमियां दूर करनी होंगी। वहीं नगर निगम से नॉन ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट यानी एनओसी लेना होगा। अगर तय समय में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया तो निगम सीलिंग की कार्रवाई करेगी।