जयपुर नगर निगम चुनाव के लिए इस बार मतगणना (वोटों की काउंटिंग) की जगह में बदलाव किया है। जेएलएन मार्ग राजस्थान और कॉमर्स कॉलेज परिसर के बजाय जिला निर्वाचन शाखा ने इस बार वोट काउंटिंग सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर में करवाने का फैसला किया है। इसके पीछे कारण गणेश चतुर्थी पर जेएलएन मार्ग पर लगने वाला मेला और आमजन की भीड़ है। दरअसल, गणेश चतुर्थी पर मोतीडूंगरी मंदिर पर लगने वाले मेले में भगवान के दर्शन के लिए जेएलएन मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। इस कारण पुलिस प्रशासन को जेएलएन मार्ग पर गांधी सर्किल से त्रिमूर्ति सर्किल तक ट्रैफिक का डायवर्जन करना पड़ता है। 14 सिंतबर को नगर निगम जयपुर में 150 वार्डों के चुनावों की काउंटिंग भी अगर कॉमर्स और राजस्थान कॉलेज में करवाई जाती है, तो ट्रैफिक को बजाज नगर मोड़ तक बंद करना पड़ता है। इसके अलावा प्रत्याशियों और उनके सम​र्थकों की भीड़ अलग से जुटती है। इसे देखते हुए जिला निर्वाचन शाखा ने नगर निगम चुनाव की मतगणना का स्थान बदला है। इसे कॉमर्स और राजस्थान कॉलेज के बजाय भवानी निकेतन परिसर में करवाने का निर्णय किया है। पोलिंग पार्टियां भी यही से होगी रवाना जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में 11 सितंबर को वोटिंग होगी। इसलिए पोलिंग पार्टियां भी 10 सितंबर को भवानी निकेतन से रवाना की जाएगी। वोटिंग के बाद देर शाम को सभी पोलिंग बूथ से मतपेटियां वापस भवानी निकेतन परिसर स्थित फार्मेसी कॉलेज में लाकर रखी जाएगी। दो पारियों में रवाना की जाएगी पोलिंग पार्टियां जयपुर जिले की अन्य सभी नगर पालिकाओं और नगर परिषदों के लिए होने वाली वोटिंग के लिए पोलिंग पार्टियां भी यहीं से रवाना की जाएगी। 16 नगरपालिका बगरू, चाकसू, जोबनेर, किशनगढ-रेनवाल, फुलेरा, सांभर, बस्सी, दूदू, जमवारामगढ, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, मनोहपुर, नरायना, फागी, वाटिका और 2 नगर परिषद चौमूं और शाहपुरा के लिए पोलिंग पार्टियां 8 सितंबर को दो पारियों में रवाना होंगी। इन 18 निकायों में 9 सितंबर को वोटिंग होगी। लेकिन वोट काउंटिंग संबंधित निकाय मुख्यालयों पर करवाई जाएगी।