जयपुर नगर निगम चुनाव की नामांकन प्रक्रिया की गुरुवार को शुरुआत हो गई। सुबह 10:15 बजे से दोपहर 3 बजे तक जयपुर शहर में अलग-अलग 15 जगहों पर बनाए रिटर्निंग ऑफिसर के ऑफिस में नामांकन पत्र भरे गए। पहले दिन समय समाप्त होने तक 11 प्रत्याशियों ने 13 नामांकन पत्र दाखिल किए। जिला निर्वाचन शाखा से मिली रिपोर्ट के मुताबिक- कुछ 150 वार्डों में से केवल 9 वार्डों (वार्ड 148, 99, 50, 12, 14,16, 25, 31 और 40) में प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। वहीं शेष 141 वार्डों में पहले दिन एक भी नामांकन नहीं आया। इन नामांकन पत्र में 4 नामांकन पत्र कांग्रेस से दावेदारी करते हुए नेताओं के हैं। वहीं 8 नामांकन पत्र निर्दलीय के तौर पर आए हैं। दो प्रत्याशी ऐसे हैं, जिन्होंने 2-2 नामांकन पत्र (एक पार्टी से दूसरा निर्दलीय) भरा है। चार प्रत्याशियों ने कांग्रेस से भरा नामांकन पत्र प्रमुख राजनीतिक दल बीजेपी, कांग्रेस की तरफ से अब तक अपने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। इसके बावजूद आए 13 नामांकन पत्रों में से चार नामांकन पत्र इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) के उम्मीदवार के तौर पर भरे गए हैं। हालांकि कांग्रेस ने अब तक किसी केा सिंबल नहीं दिया है। कल अवकाश, नहीं होंगे नामांकन दाखिल नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए अब प्रत्याशियों को 29 और 31 अगस्त यानी 2 दिन का ही समय मिलेगा। रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को अवकाश रहेगा, जबकि 30 अगस्त को रविवार के चलते रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय बंद रहेंगे।