जयपुर में एक प्रॉपर्टी कारोबारी को पूर्व किराएदार महिला ने अपने 2 बेटों और गैंग के साथ मिलकर किडनैप कर लिया। इसके बाद परिजनों से 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। पुलिस ने 1700 KM पीछा कर गैंग के मास्टरमाइंड सहित 3 बदमाशों को रविवार को पकड़ लिया। पुलिस ने किडनैप प्रॉपर्टी कारोबारी को सुरक्षित छुड़वा लिया। गैंग के गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ 35 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। किडनैपिंग की वारदात 21 अगस्त को झोटवाड़ा थाना इलाके में संजय नगर तिराहा पर हुई थी। पूर्व किराएदार महिला ने रची थी किडनैपिंग की प्लानिंग डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- प्रॉपर्टी कारोबारी की किडनैपिंग के मामले में गैंग के मास्टरमाइंड सैफ अली उर्फ कालू (29) निवासी भैसवालों का मोहल्ला, सुभाष चौक हाल ठाठर रोड आमेर, नाजिम कुरेशी उर्फ पार्ले (21) निवासी मेवात हरियाणा हाल नाई की थड़ी जयसिंहपुरा खोर और जावेद हुसैन (24) निवासी लालवास जयसिंहपुरा खोर को कोटपूतली से अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल कार और हथियार बरामद किए हैं। फरार आरोपी पूर्व किराएदार महिला सोफिया बेगम, उसके बेटे मुन्ना और परिचित समीर की तलाश में जुटी है। प्रॉपर्टी कारोबारी के किडनैप की प्लानिंग पूर्व किराएदार महिला ने की थी। बदमाशों ने धमकी दी- 2 करोड़ दो नहीं तो लाश मिलेगी डीसीपी (वेस्ट) ने बताया- प्रॉपर्टी कारोबारी के बेटे ने 21 अगस्त को झोटवाड़ा थाने में शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि मेरे पिता संजय नगर तिराहे पर किसी काम से गए थे, लेकिन काफी देर बाद भी घर नहीं लौटे। हमने उनके मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। इसके बाद मौके पर जाकर CCTV फुटेज खंगाले तो एक कार में कुछ व्यक्ति पिता को लेकर जाते दिखे। उसी रात पिता के मोबाइल से कॉल आया। बदमाशों ने धमकी दी कि पिता को जिंदा देखना चाहते हो तो 2 करोड़ रुपए हमारी बताई जगह पर छोड़ देना। किसी भी प्रकार की चालाकी और पुलिस को सूचना दी तो पिता की लाश मिलेगी। पुलिस को पीछे देख राहगीरों को रौंदने का किया प्रयास प्रशांत किरण ने बताया- पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर रूट चार्ट बनाया। प्रॉपर्टी कारोबारी के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पीछा शुरू किया। 2 दिन में किडनैपर्स ने बार-बार परिवार को कॉल कर 2 करोड़ की फिरौती की डिमांड की। इस दौरान पुलिस की टीम टोंक, सवाई माधोपुर, कोटा और मध्य प्रदेश से होते हुए बदमाशों के दोबारा जयपुर आते समय उनका पीछा करती रही। करीब 1700 KM पीछा करने के बाद कोटपूतली में बदमाशों की घेराबंदी की गई। इस दौरान बदमाशों ने कार से राहगीरों को रौंदने की कोशिश की। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए बदमाश कार छोड़कर खेतों की तरफ भागे। पुलिस ने पीछा कर 3 बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि 3 बदमाशों की तलाश में जुटी है। पूर्व किराएदार जानती थी प्रॉपर्टी कारोबारी का अच्छा काम डीसीपी (वेस्ट) ने बताया- आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि सोफिया बेगम पहले प्रॉपर्टी कारोबारी के घर में किराए पर रहती थी। ऐसे में उसको प्रॉपर्टी कारोबारी के घर की स्थिति की पूरी जानकारी थी। सोफिया जानती थी कि कारोबारी का प्रॉपर्टी और बिल्डिंग लाइन का बड़ा अच्छा काम है। इसके कारण उसने अपने बेटे जावेद, मुन्ना, परिचित सैफ अली उर्फ सैफू, नाजिम और समीर के साथ किडनैपिंग की प्लानिंग की।
यह खबर भी पढ़ें... स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने युवक को किडनैप किया:1 करोड़ फिरौती मांगी; टोल पर पुलिस की नाकाबंदी तोड़ी, जाम लगा देख गाड़ी छोड़ भागे टोंक जिले के निवाई से बदमाशों ने 20 साल के युवक को किडनैप कर लिया था। उन्होंने युवक के पिता से 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। (पूरी खबर पढ़ें)