जयपुर में एक युवती से गैंगरेप के बाद पिता की हत्या करने का मामला सामने आया है। पत्नी का आरोप है कि आरोपी केस वापस लेने की धमकी दे रहे थे। उन्होंने पति को मारकर फंदे से लटकाकर सुसाइड का रूप देने की कोशिश की। दो महीने पहले शव खंभे में रस्सी के फंदे से लटका मिला था। सुसाइड के इस मामले में अब पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फंदे से लटका मिला था शव थानाधिकारी ने बताया कि जयपुर के रहने वाले 58 साल के व्यक्ति की हत्या का मामला रविवार को दर्ज किया गया है। 5 जुलाई को घर के पास खुले में रस्सी के फंदे से शव लटका मिला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए थे। अगले दिन SMS हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों का सौंप दिया था। पुलिस प्रथमदृष्टया मामला सुसाइड का प्रतीत होने पर मर्ग दर्ज कर जांच की जा रही थी। मृतक की पत्नी ने अब हत्या का मामला दर्ज करवाया है। गैंगरेप के आरोपियों पर केस पत्नी का आरोप है कि जून 2026 में उनकी बेटी का किडनैप किया गया था। युवक और उसके साथियों ने बेटी से रेप किया था। दो दिन बाद बेटी के लौटने पर उसके बयान दर्ज करवाए थे, जिसके बाद चार जनों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया गया था। पुलिस ने जांच के बाद मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि केस दर्ज होने का पता चलने पर आरोपियों की ओर से परिवार को लगातार धमकियां मिल रही थी। केस वापस नहीं लेने पर जाने से मारने की धमकी दी जा रही थी। पत्नी का आरोप है कि 5 जुलाई को पति की हत्या कर चारों आरोपियों ने प्लानिंग के तहत बिजली के खम्भे से शव को लटका दिया। हत्या के बाद सुसाइड का रुप देने के लिए आरोपियों ने ऐसा किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है।