सीकर जिले में 14 साल की नाबालिग से छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार होने की फिराक में था। सीकर पुलिस के इनपुट पर वह जयपुर में नाकाबंदी में पकड़ा गया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत देकर बताया था कि वह अपनी मां के साथ सीकर में किराए के मकान में रहती है। उसकी मां का परिचित युवक घर पर आता-जाता रहता था। उसने घर में अकेला पाकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसे और उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के जाने के बाद मां को आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दी। आरोपी युवक पुलिस में मुकदमा दर्ज होने की सूचना मिलने पर भाग गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली है कि आरोपी जयपुर में करणी विहार एरिया में छिपा है। इसके बाद सीकर पुलिस ने जयपुर पुलिस से संपर्क कर नाकाबंदी करवाई। नाकाबंदी के दौरान आरोपी को पकड़ा गया।