जयपुर के सिंधी कैम्प थाना इलाके में पुलिस ने 45 ग्राम स्मैक के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार भी बरामद की है। एनडीपीएस यूनिट द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर का तकनीकी शाखा से विश्लेषण करवाने के बाद पुलिस ने मंगलवार को यह कार्रवाई की। स्पेशल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान कयूम लोहार निवासी मकान नंबर 43, अजंता विहार, ईदगाह, जयपुर और दिनेश तंवर (26), निवासी गांव बरखेड़ा, तहसील खिलचीपुर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। स्पेशल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों आरोपियों से 45 ग्राम स्मैक और एक कार जब्त की है। दोनों आरोपियों को सिंधी कैंप थाना क्षेत्र में स्मैक की डिलेवरी करनी थी। लेकिन ठीक उससे पहले सीएसटी की टीम ने आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि ये माल वो लोग कहां से लाए थे और कहां-किसको सप्लाई करना था। आरोपियों और बरामद मादक पदार्थ व कार को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सिंधी कैम्प थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।