नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस सतर्क है। ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत पुलिस ने गरबा स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी है। इसी दौरान जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम में महिलाओं और लड़कियों पर अभद्र टिप्पणी करने तथा हंगामा करने वाले युवक विजय स्वामी (18) निवासी जेपी कॉलोनी शास्त्री नगर थाना भट्टा बस्ती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर से जांच की। इस पर युवक के शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस अब गरबा-डांडिया आयोजनों में मनचलों पर नजर रखने के लिए सादा कपड़ों में भी निगरानी कर रही है। महिलाओं पर टिप्पणी कर रहा था युवक, समझाने पर किया हंगामा डीसीपी और अभियान की सुपरविजन अधिकारी अनुष्ठा कालिया ने बताया- विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में तैनात थीं। ड्यूटी के दौरान टीम ने देखा कि एक युवक महिला पंडाल में आने वाली लड़कियों और महिलाओं के पीछे कुछ दूरी पर चल रहा था और उन पर अनुचित टिप्पणियां कर रहा था। पुलिस टीम ने युवक के पास पहुंचकर उसे समझाया। इस पर युवक उग्र हो गया और जोर-जोर से बोलते हुए हंगामा करने लगा। पुलिस टीम ने 112 पुलिस वाहन बुलाया और युवक को थाने पहुंचाया। पुलिस के अनुसार- थाने में भी युवक ड्यूटी ऑफिसर के सामने धमकीपूर्ण व्यवहार करता रहा। इसके बाद ब्रेथ एनालाइजर से उसकी जांच करवाई गई। इसमें शराब का सेवन किए होने की पुष्टि हुई। गरबा-डांडिया स्थलों पर नीली वर्दी और सादा कपड़ों में निगरानी एडीजी पुलिस लता मनोज कुमार के मार्गदर्शन में ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रमुख गरबा और डांडिया कार्यक्रम स्थलों को चिह्नित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। आयोजन स्थलों के प्रवेश और निकास द्वारों, पार्किंग स्थलों तथा आवागमन के रास्तों पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को नीली वर्दी में तैनात किया गया है। वहीं, संवेदनशील और अधिक भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में महिला पुलिसकर्मियों की टीमें सादा कपड़ों में निगरानी कर रही हैं।