जैसलमेर में विकसित भारत-जन सेवा अभियान' के तहत शुक्रवार को ऐतिहासिक गड़ीसर झील पर 'सेवा मेरा योगदान' थीम के अंतर्गत एक व्यापक और प्रेरणादायक सफाई अभियान चलाया गया। जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में तब अद्भुत नज़ारा देखने को मिला, जब जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी और नगर परिषद सभापति विजय डांगरा ने खुद अपने हाथों से झाड़ू थामकर श्रमदान किया। उनके इस हौसले को देखकर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों सहित सैकड़ों आम नागरिकों ने भी जोश के साथ झील परिसर की सफाई की, प्लास्टिक कचरा व झाड़ियां हटाईं। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गड़ीसर पाल पर पौधे भी रोपे गए और सभी ने स्वच्छता को अपनी जीवनशैली बनाने तथा आसपास के 100 लोगों को जागरूक करने की शपथ ली। लोगों ने एक साथ श्रमदान किया कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सवेरे ही झील परिसर और उसकी ऐतिहासिक पाल से हुई। जहां जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों, युवाओं, स्कूली बच्चों और एनसीसी कैडेट्स ने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। सभी ने मिलकर झील के आसपास फैली झाड़ियों, प्लास्टिक के कचरे और गंदगी को साफ किया। स्वच्छता की शपथ लेकर पौधारोपण किया कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने शपथ ली वे स्वच्छता को अपनी रोजाना की जिंदगी का अहम हिस्सा बनाएंगे और अपने आसपास के कम से कम 100 लोगों को भी साफ-सफाई के प्रति जागरूक करेंगे। इस दौरान गड़ीसर की पाल पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कई नए पौधे भी लगाए गए, जिससे इस ऐतिहासिक धरोहर का सौंदर्य और भी बढ़ गया। जिला प्रशासन ने जैसलमेर के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान को एक जनआंदोलन बनाएं। प्रशासन का मानना है कि हर नागरिक की छोटी-छोटी भागीदारी से ही हमारी ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता सुरक्षित रह सकती है, तभी एक स्वच्छ और सुंदर जैसलमेर का सपना सच हो सकेगा। ये रहे मौजूद इस विशेष आयोजन में मुख्य कार्यकारी अधिकारी यथार्थ शेखर, विशेषाधिकारी रोहित वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला, नगर परिषद आयुक्त पवन कुमार, उपसभापति मधुबाला, पार्षद अरुण पुरोहित और समाजसेवी कंवराज सिंह चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पसीना बहाकर शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया।