जैसलमेर शहर में कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों पर घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई की। जिला कलेक्टर के आदेश पर जिला रसद विभाग ने ‘ऑपरेशन 6A’ के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया। जिला रसद अधिकारी देवराज रवि ने बताया- संयुक्त टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग मिला। कार्रवाई करते हुए 9 प्रतिष्ठानों से 14 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए। टीम ने रेलवे स्टेशन, गड़ीसर चौराहा और नगर पालिका क्षेत्र के आसपास बने ढाबों और होटलों में जांच की। विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और मिठाई की दुकानों से सिलेंडर जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान एचपी और इंडेन कंपनी के सिलेंडर मिले, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया। अभियान जिला रसद अधिकारी देवराज रवि की देखरेख में चलाया जा रहा है। जांच टीम में प्रवर्तन अधिकारी सवाई राम, निरीक्षक आनंद छीपा और गोकुल चंद मीणा शामिल रहे। जब्ती के दौरान मौके पर फोटो और वीडियो भी बनाए गए। 27 अगस्त तक जारी रहेगा अभियान जिला रसद अधिकारी देवराज रवि ने दुकानदारों और व्यापारिक संघों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल कामों में सिर्फ अधिकृत कमर्शियल सिलेंडरों का ही इस्तेमाल किया जाए। घरेलू सिलेंडर का उपयोग करते पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग के अनुसार यह चेकिंग अभियान 27 अगस्त तक पूरे जिले में जारी रहेगा।