जालोर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) से बचकर भागते हुए तस्करों की एक कार पंचर होकर पलट गई। पुलिस ने दो तस्करों को डिटेन किया। घायल आरोपी को जालोर जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस को कार से दो कट्‌टों में भरा डोडा-पोस्त मिला। दो कारें और खेप जब्त कर ली गई। घटना शुक्रवार शाम 5 बजे आहोर थाना इलाके में जालोर-कानीवाड़ा रोड पर हुई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक- ANTF टीम को इनपुट मिला था कि आहोर से जालोर-कानीवाड़ा रोड होकर दो स्विफ्ट कारों में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। यह काले कट्टों में भरा हुआ है। सूचना पर टीम ने आहोर थाना इलाके में कानीवाड़ा मोड़ के पास कांटेदार अवरोधक लगाकर नाकाबंदी कर दी। टायर पंचर होने के बाद भी दौड़ाई कार इस दौरान वहां सफेद और मेटल ब्लू कलर की स्विफ्ट कारें पहुंचीं। टीम की नाकाबंदी देख तस्करों ने कारों को भगाना शुरू कर दिया। अवरोधक के कारण मेटल ब्लू कार का टायर पंचर हो गया। इसके बाद भी तस्कर गाड़ी को दौड़ाता रहा। बेकाबू होकर कार सड़क किनारे पलट गई। इस पर ANTF और पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो तस्करों को दबोच लिया। इनमें गौतम नाम का तस्कर घायल हो गया। गौतम कुमार (25) पुत्र रूपाराम बाड़मेर जिले के मंगले की बेरी का रहने वाला है। दूसरा आरोपी खियाराम गुड़ामालानी का रहने वाला है। हादसे में घायल तस्कर को पुलिस जालोर जिला हॉस्पिटल ले गई। पुलिस कस्टडी में उसका इलाज चल रहा है, जबकि दूसरे आरोपी खियाराम को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया है। दोनों कारों में मिले काले कट्टों में मादक पदार्थ भरा हुआ है। कट्टों में मिले डोडा पोस्त के वजन और घटना की आधिकारिक पुष्टि को लेकर पुलिस व एएनटीएफ की टीम जांच और तौल की प्रक्रिया में जुट गई। घटनाक्रम से जुड़ी तस्वीरें..