क्रिकेट में करियर बनाने के लिए जालोर आए एक युवक ने राजस्थान की अंडर-23 और रणजी टीम में चयन कराने के नाम पर करीब 60 लाख रुपए ऐंठने और निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। युवक ने कोर्ट इस्तगासे के जरिए अकादमी से जुड़े लोगों के खिलाफ 10 अक्टूबर को कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है। वहीं, अकादमी से जुड़ी एक युवती ने भी इसी युवक पर जबरदस्ती करने, फोटो-वीडियो के जरिए बदनाम करने की धमकी देने और शोषण करने के आरोप लगाए हैं। जालोर कोतवाली थानाधिकारी रामेश्वर लाल भाटी ने बताया कि युवती की ओर से बाय पोस्ट कोतवाली में रिपोर्ट भेजी हैं। जो कल शाम तक पहुंची हैं। जिसकी जांच कर मामला दर्ज किया जाएगा। चयन के नाम पर क्रिकेट किट मंगवाने का आरोप चितलवाना क्षेत्र के खिरोड़ी निवासी राणाराम उर्फ रणवीर ने रिपोर्ट में बताया- वह क्रिकेट में करियर बनाने के लिए मुंबई से जालोर आया था और यहां एक अकादमी में दाखिला लिया। साल-2024 में उसकी मुलाकात साथी खिलाड़ियों से हुई। आरोप है कि उनमें से दो ने राजस्थान की अंडर-23 और रणजी टीम में चयन कराने का भरोसा दिलाया। रिपोर्ट के अनुसार, जून 2024 में उसे जोधपुर में एक युवक से मिलवाया गया। उस युवक ने 10 लाख रुपए में सलेक्शन कराने की बात कही। नकद राशि लेने के बजाय क्रिकेट का सामान भिजवाने को कहा गया। इसके बाद उसने मुंबई से करीब 7.75 लाख रुपए का क्रिकेट किट खरीदकर भिजवाया, लेकिन उसका चयन नहीं हुआ। निजी तस्वीरों के नाम पर ब्लैकमेलिंग का आरोप राणाराम ने आरोप लगाया कि एक महिला खिलाड़ी ने उसकी तस्वीर लेकर उसे वायरल करने की धमकी दी और 10 लाख रुपए मांगे। उसने 8 लाख रुपए दिए। इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग जारी रही। रिपोर्ट में चेन, एक्टिवा और तीन आईफोन ले लेने का आरोप भी लगाया गया है। राणाराम का दावा है कि उससे कुल करीब 60 लाख रुपए ऐंठे गए। शोषण और धमकाने के आरोप दूसरी ओर, अकादमी से जुड़ी युवती ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 3 साल पहले क्रिकेट खेलने के दौरान उसकी मुलाकात राणाराम से हुई थी। युवती के अनुसार, युवक उसका पीछा करता था। उसने आरोप लगाया कि जोधपुर के एक होटल में फोटो खींचने और बदनाम करने की धमकी देकर उसके साथ रेप किया गया। युवती ने बताया कि बाद में मुंबई पुलिस युवक को पकड़कर ले गई थी। इस मामले में पुलिस ने उसे भी पूछताछ के लिए बुलाया और उसके बयान दर्ज किए थे। युवती के अनुसार, युवक को जेल भेज दिया गया था। जुलाई 2026 में 8 महीने बाद जमानत पर छूटने के बाद वह जालोर आया और कथित तौर पर फोन कर बयान देने को लेकर धमकाने लगा। युवती ने बदनाम करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। उसने युवक के पास मौजूद फोटो-वीडियो बरामद कराने की मांग की है। राणाराम पर गुजरात और महाराष्ट्र में 6 फ्रॉड केस, 2 का खुद ने जिक्र किया जानकारी के अनुसार, राणाराम के खिलाफ गुजरात और महाराष्ट्र में धोखाधड़ी से जुड़े करीब आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इनमें से दो मामलों का उल्लेख उसने खुद भी अपनी रिपोर्ट में किया है। रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई के भायंदर स्थित नवघर पुलिस स्टेशन में क्रिकेट के सामान का भुगतान नहीं करने को लेकर दुकानदार ने मामला दर्ज कराया था। इस मामले में मुंबई पुलिस उसे अपने साथ ले गई थी और वह 8 महीने जेल में रहा। इसके अलावा मुंबई के एलटी मार्ग पुलिस स्टेशन में भी एक मामला दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों और संबंधित मामलों की जांच की जा रही है।