जालोर में 12 रबी उल अव्वल के पाक मौके पर बुधवार को शहर में जश्न ईद मिलादुन्नबी हर्षोल्लास एवं भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में हजारों लोगों ने भव्य जुलूस निकाला। जुलूस सुबह 10 बजे वीरमदेव गेबनशाह गाजी चौक से रवाना होकर सदर बाजार, गांधी चौक, सूरजपोल, अस्पताल चौराहा, हरिदेव जोशी सर्किल, पंचायत समिति, बड़ी पोल एवं घाचियों की फिलानी होते हुए दोपहर करीब 1 बजे शाही जामा मस्जिद पहुंचा। आपसी भाईचारे का माहौल नजर आया जुलूस में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चे और बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हुए। रास्ते-भर जश्न ईद मिलादुन्नबी की खुशी और आपसी भाईचारे का माहौल नजर आया। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। मुस्लिम संगठनों और समाजसेवियों की ओर से जगह-जगह शर्बत, जूस, फ्रूट सहित अन्य व्यवस्थाएं की गईं। इस दौरान मौलाना की ओर से तकरीर पेश कर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन एवं उनके संदेशों पर प्रकाश डाला गया। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर कई स्थानों पर सीरणी पेश कर लोगों में वितरित की गई। गेबनशाह गाजी दरगाह में रक्तदान शिविर जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर दोपहर में गेबनशाह गाजी दरगाह में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। आयोजन के दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति का संदेश दिया गया। जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। पूरे आयोजन में शहर में उत्साह के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा।