जालोर में आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सही खानपान, स्वस्थ राजस्थान अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जालोर शहर स्थित रिलायंस स्मार्ट पॉइंट और जालोर मार्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान रिलायंस स्मार्ट पॉइंट पर 100 किलो से अधिक सड़ी-गली सब्जियां और खराब फल मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। दोनों प्रतिष्ठानों में मिली कमियों पर इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए। रिलायंस स्मार्ट पॉइंट पर मिली खराब सब्जियां और फल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार मीना ने रिलायंस स्मार्ट पॉइंट का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान में 100 किलो से अधिक सड़ी-गली और खराब सब्जियां और फल पाए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके पर ही मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त सामग्री को नष्ट करवाया। निरीक्षण में मिली कमियों के संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। साथ ही निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जालोर मार्ट में भी मिलीं अनियमितताएं खाद्य सुरक्षा दल ने जालोर मार्ट का भी निरीक्षण किया। यहां बिना वैध लाइसेंस खाद्य सामग्री की री-पैकिंग करने और निर्माण तिथि व एक्सपायरी तिथि अंकित किए बिना खाद्य सामग्री बेचने संबंधी कमियां पाई गईं। इस पर संबंधित प्रतिष्ठान को भी इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। साथ ही बिना आवश्यक लाइसेंस खाद्य सामग्री की री-पैकिंग करने और निर्माण तिथि व एक्सपायरी तिथि अंकित किए बिना सामग्री बेचने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार मीना ने बताया- सही खानपान, स्वस्थ राजस्थान अभियान के तहत आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए आगे भी जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।