राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जालोर जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। सुबह जिला कलेक्ट्रेट परिसर में गांधी की प्रतिमा पर माला पहनाई गई। इसके बाद गांधी के प्रिय भजन और राम धुन का आयोजन किया। सुबह जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी स्मारक पर मुख्य समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे, एसडीएम मनोज कुमार, डीएसपी गौतम जैन और नगर परिषद सभापति बंशीलाल माली सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। छात्र-छात्राओं और कलाकारों ने प्रस्तृ​तियां दी माल्यार्पण के पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर में बापू के प्रिय भजनों और रामधुन का आयोजन हुआ। इसमें सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर कई स्कूली बच्चे महात्मा गांधी की वेशभूषा धारण कर पहुंचे, जो आकर्षण का केंद्र रहे। समारोह को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों और अहिंसा के सिद्धांतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। गांधी जयंती से पूर्व रैली निकाली गांधी जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम से पूर्व शहर में रैली निकाली गई। रैली नगर परिषद से रवाना होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जालोर कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां गांधी जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल, पार्षद बसंत सुथार, सुरेश मेघवाल, जबर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।