जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार है। खेलों से अनुशासन, एकता और नेतृत्व की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलते हुए राज्य और देश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया। वे शिक्षा विभाग एवं सनराइज पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार से शुरू हुई 43वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सकारात्मक सोच, अनुशासन और टीम भावना के साथ खेलना चाहिए। खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जीपीएस ग्रुप ऑफ स्कूल के निदेशक जबर सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 29 जिलों से 525 खिलाड़ी, दलनायक, दल प्रभारी एवं निर्णायक मंडल के सदस्य भाग ले रहे हैं। उद्घाटन के दौरान सांसद लुंबाराम चौधरी और मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने सलामी मंच से खिलाड़ियों के मार्चपास्ट की सलामी ली और प्रतियोगिता शुरू करने की घोषणा की। खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ खेलने की शपथ ली। मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण किया। पहले दिन हुए मुकाबले प्रतियोगिता के पहले दिन तीन खेल मैदानों पर मुकाबले हुए। सीकर ने जयपुर प्रथम को 6-0, ब्यावर ने सिरोही को 2-0, चित्तौड़ ने बीकानेर को 2-0, नागौर ने बूंदी को 6-0, बालोतरा ने कोटपूतली-बहरोड़ को 4-0, उदयपुर ने जालौर को 4-0, जैसलमेर ने जयपुर ग्रामीण को 3-0, जोधपुर ने बांसवाड़ा को 4-0 और डीडवाना-कुचामन ने पाली को 4-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।