झालावाड़ के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एमए उर्दू में दाखिले की प्रक्रिया आखिरी चरण में है। अभी तक कुल 60 सीटों में से सिर्फ 5 छात्रों ने ही आवेदन किया है, जबकि 55 सीटें खाली हैं। कॉलेज के उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. फहीमुद्दीन ने बताया कि बीए और एमए दोनों कक्षाओं में उर्दू विषय की पढ़ाई होती है। उन्होंने छात्रों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में उर्दू विषय में दाखिला लेकर पढ़ाई और नौकरी के मौकों का फायदा उठाएं। डॉ. फहीमुद्दीन ने बताया कि राज्य सरकार स्कूल व्याख्याता और असिस्टेंट प्रोफेसर जैसे पदों पर भर्ती करती है। इनमें उर्दू विषय के छात्रों को भी नौकरी और सरकारी सेवा में चुने जाने के मौके मिलते हैं। उन्होंने झालावाड़ और आसपास के छात्रों से कहा कि वे दाखिले की आखिरी तारीख का ध्यान रखते हुए समय पर आवेदन करें। इससे वे उच्च शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।