झालावाड़ शहर के कॉलेज रोड पर शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। पीजी कॉलेज के सामने से मंगलपुरा, अस्पताल और नेशनल हाईवे-52 की ओर जाने वाले इस मुख्य रास्ते पर लंबे समय से पर्याप्त रोशनी नहीं है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। सड़क के दोनों ओर लगे बिजली के खंभों में कई लाइटें बंद पड़ी हैं। जो लाइटें जल रही हैं, उनसे भी पर्याप्त रोशनी नहीं मिलती। कॉलेज के पास लगी लाइट भी काफी समय से खराब है। शाम ढलने के बाद सड़क के कई हिस्सों में अंधेरा रहने से पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को दिक्कत होती है। यह रास्ता अस्पताल की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग है, इसलिए रात में मरीज, उनके परिजन और अस्पतालकर्मी भी यहीं से गुजरते हैं। अंधेरे के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। राहगीर और वाहन चालक होते है परेशान मूर्ति चौराहे से नेशनल हाईवे-52 तक जाने वाले इस मार्ग पर रात के समय लोग पैदल भी निकलते हैं। इसके अलावा, सड़क किनारे बड़ी संख्या में चार पहिया वाहन खड़े रहते हैं। अंधेरा होने से इन वाहनों के कारण भी राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की मुख्य सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होनी चाहिए, लेकिन कॉलेज रोड पर लंबे समय से बिजली की लाइटें खराब हैं। कई बार लाइटें बंद रहने के बावजूद उनकी मरम्मत नहीं होने से समस्या बनी हुई है। नगर परिषद की ओर से शहर की बिजली व्यवस्था पर ध्यान नहीं देने से लोगों में नाराजगी है। लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर बंद पड़ी लाइटों को जल्द ठीक कराया जाए और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। इस इलाके में प्रजापति मोहल्ला और वाल्मीकि बस्ती होने के कारण बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आते-जाते हैं। महेश, ओम, राजकुमार और दिलीप जैसे लोगों ने इस सड़क मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की मांग की है।