झालावाड़ के सिविल लाइन रोड पर शुक्रवार को एक मकान में शॉर्ट सर्किट से गैस सिलेंडर में आग लग गई। इससे आसपास हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि दमकल और पुलिस ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। मकान में साफ-सफाई और पुताई का काम चल रहा था। बिजली जाने के बाद जब आपूर्ति बहाल हुई, तो शॉर्ट सर्किट हो गया। इसी से घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग और सिलेंडर की स्थिति देख लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया, वहीं दमकलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाकर गैस सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला। इससे आग फैलने और किसी बड़े हादसे का खतरा टल गया। समय पर हुई कार्रवाई से बड़ा नुकसान होने से बच गया।