झालावाड़ में सीरत पाक वेलफेयर सोसायटी की ओर से जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया। यह जुलूस सुबह 9 बजे मोती कुआं स्कूल के पास मस्जिद चाकरान से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा। इस अवसर पर पूरे शहर को सजाया गया था और सभी मस्जिदों पर आकर्षक रोशनी की गई थी। जुलूस में मदरसों के छोटे बच्चे और बच्चियां 'नाते पाक' पढ़ते हुए चल रहे थे। मस्जिदों के इमाम और हाफिज साहेबान भी 'नाते पाक' के अशआर पढ़ते हुए जुलूस में शामिल थे। जुलूस के दौरान देश की गंगा-जमुनी तहजीब की झलक देखने को मिली। मुस्लिम संगठनों के साथ-साथ हिंदू समाज की ओर से भी कई स्थानों पर जुलूस का स्वागत किया गया। सीरत पाक वेलफेयर सोसायटी के प्रवक्ता इनाम जफर ने बताया कि शहर काजी मौलाना अब्दुल मन्नान कादरी बग्गी में बैठकर जुलूस का नेतृत्व कर रहे थे। उनके पीछे शहर की सभी मस्जिदों और मदरसों के बच्चे इस्लामी नारे लगाते हुए चल रहे थे। हुसैनी अखाड़ा, ईदगाह कमेटी, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस रघुराज सिंह हाड़ा, अब्बासी समाज, चौधरी समाज, बाबू नबी मस्जिद कमेटी, गढ़ गणेश सोसायटी, खिदमतगर सोसायटी, श्रीराम पुस्तक भंडार, मस्तान शाह कमेटी, केजीएन सोसायटी, गायत्री परिवार, बनास स्टोन, महावली स्टोन सहित शहर की विभिन्न सोसायटियों ने जुलूस का इस्तकबाल किया। जुलूस मामू भांजे दरगाह पर समाप्त हुआ, जहां 'नाते पाक' और 'सलाम' पढ़ा गया। अंत में शहर काजी अब्दुल मन्नान ने देश में अमन-चैन की दुआ कराई। इस अवसर पर सीरत पाक कमेटी के सदर हाजी अकरम चौधरी, आमिर खान, रईस पठान, कय्यूम सिद्दीकी, अनवर खान, जुगनू खान, नजर मोहम्मद, निजाम चौधरी, फारूक अहमद, नफीस शेख, अली हैदर, अतीक कुरैशी, सोहेल खान, शराफत अली अब्बू, रज्जू भाई, मुजीब खान, फैज असद खान, शफी उल्ला खान, रईस कादरी सहित कई समाज बंधु मौजूद रहे।