झालावाड़ में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित हुआ। डीओआईटी के वीसी कक्ष में हुए इस कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी सोनू कुमारी ने वृद्धजनों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। जिला मुख्यालय पर मौजूद वृद्धजनों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। उपखंड अधिकारी सोनू कुमारी ने वृद्धजनों को परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने युवा पीढ़ी से उनके अनुभवों का लाभ लेने और सम्मान बनाए रखने की अपील की। उन्होंने वृद्धजनों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की जानकारी ली, साथ ही हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सम्मान पाकर वृद्धजनों ने खुशी जताई, कई भावुक भी हुए। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए इसे यादगार अवसर बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वृद्धजन मौजूद रहे।