झालावाड़ शहर में सीवरेज व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है। आईटीआई रोड और कोटा रोड समेत कई इलाकों में सीवरेज चैंबर से पिछले करीब 15 दिनों से लगातार गंदा पानी बह रहा है। इससे सड़क खराब हो रही हैं और राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। कई जगह चैंबर ऊंचे-नीचे होने से भी हादसे का खतरा बना हुआ है। कोटा रोड पर सांसद कार्यालय से पहले सर्विस रोड पर लगे दो चैंबर से लगातार पानी बहने के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा खराब हो चुका है। पानी की वजह से सड़क पर फिसलन बनी रहती है। यहां से ज्योति नगर, कालीदास कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों के लोग दिन-रात आते-जाते हैं। रात के समय बाइक सवारों और पैदल चलने वालों के लिए स्थिति और ज्यादा मुश्किल हो जाती है। कई लोग हो चुके घायल इसी तरह आईटीआई क्षेत्र में भी सीवरेज चैंबर से निकल रहे पानी के कारण सड़क पर परेशानी बनी हुई है। यह रास्ता दिनभर व्यस्त रहता है। रात के समय कोटा स्टोन फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों के साथ नई जेल रोड क्षेत्र के लोग भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। सड़क पर पानी और फिसलन के कारण कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। नई जेल के पास रहने वाले रंजीत ने बताया कि वह इस रास्ते से रोज आता-जाता है और रात के समय बाइक से गुजरते हुए कई बार फिसलकर गिर चुका है। उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर नगर परिषद में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला। कालिदास कॉलोनी इलाके में रहने वाले पुष्पेंद्र शर्मा ने भी बताया कि वे इस मामले में कई बार शिकायत कर चुके हैं। हजारों परिवार और विद्यार्थियों का आवागमन नई जेल रोड क्षेत्र में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं। इसके अलावा जेल आने-जाने वाले कार्मिक, आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थी तथा आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूर भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में सड़क पर बहता पानी सभी के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। दोपहर में यहां से गुजर रहे विद्यार्थी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। सड़क के पास नाला भी बना हुआ है, लेकिन बारिश के दौरान हालात और बिगड़ जाते हैं। पानी सड़क पर जमा होने और बहने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। शहर के हल्दीघाटी और राजलक्ष्मी नगर समेत क्षेत्रों में भी इसी तरह की समस्या सामने आने की समस्या आ रही है। लोगों का कहना है कि सीवरेज कार्य के दौरान चैंबर और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसका खामियाजा अब आमजन को भुगतना पड़ रहा है। एईएन बोले- बारिश के पानी के ओवरफ्लो से समस्या नगर परिषद के एईएन एवं सीवरेज प्रभारी सौरभ गुप्ता ने बताया कि बारिश का पानी ओवरफ्लो होकर बाहर निकल रहा है। जहां-जहां समस्या है, वहां इसे दिखवाने के लिए ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।