झालावाड़ जिले में पिछले एक सप्ताह से मानसून कमजोर बना हुआ है, जिससे बारिश का पैटर्न बदल गया है। सोमवार को दिनभर उमस भरी गर्मी के बाद रात करीब 9 बजे शहर में 15 मिनट तक तेज बारिश हुई। इस बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, जिले के किसान अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। खेतों में फसलों को पानी की सख्त जरूरत महसूस हो रही है, ताकि उनकी अच्छी बढ़वार हो सके। किसानों का कहना है कि कई बांधों में पर्याप्त पानी नहीं होने से फसलों की सिंचाई में दिक्कतें आ सकती हैं। फसलों पर दिखने लगा बारिश की कमी का असर बारिश की कमी का असर सोयाबीन सहित अन्य फसलों पर भी दिखने लगा है। कई क्षेत्रों में इल्लियों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे किसान चिंतित हैं। उन्होंने फसलों में कीटनाशक का छिड़काव शुरू कर दिया है। जिले के कई बांधों और नदियों में अभी तक पानी की पर्याप्त आवक नहीं हुई है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को झालावाड़ सहित पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में मेघगर्जन, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई थी। अगस्त माह के अंतिम दिनों में भी जिले में रुक-रुक कर बारिश हो रही है।