झालावाड़ पुलिस ने रविवार को अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। 72 टीमों ने जिले के 27 थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में 13 निरोधात्मक कार्रवाई के तहत, 2 स्थायी वारंटी और 6 गिरफ्तार वारंटी शामिल हैं। एसपी अमित कुमार ने बताया कि अभियान का मकसद हिस्ट्रीशीटरों, हार्डकोर अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों पर लगाम लगाना था। अभियान से पहले अपराधियों की सूची तैयार हुई। संदिग्ध बस्तियों और ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई कोतवाली, सदर, खानपुर, पनवाड़, सारोला, मंडावर, असनावर, जावर, कामखेड़ा और भवानीमंडी थाना क्षेत्रों में हुई। पुलिस के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान जिले में आगे भी जारी रहेंगे।