रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही झालावाड़ के बाजारों में राखियों की रंगीन छटा नजर आने लगी है। गढ़ परिसर, बड़ा बाजार, मंगलपुरा, बस स्टैंड, चौथ माता मंदिर, सराफा बाजार, माम् भानेज चौराहा और मोटर गेराज सहित विभिन्न स्थानों पर राखियों की दुकानें सज गई हैं। बाजार में 10 रुपए से लेकर 500 रुपए तक की फैंसी राखियां, जबकि सोने-चांदी की राखियां 200 से 5000 रुपए तक की रेंज में उपलब्ध हैं। वहीं, त्योहार पर मांग बढ़ने से नारियल और खोपरा गोला भी महंगा हो गया है। बच्चों से महिलाओं तक, हर पसंद की राखियां राखियों की दुकानों पर इस बार अलग-अलग डिजाइन और रंगों की राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां पसंद की जा रही हैं, वहीं लाइट वाली और फैंसी डिजाइन की राखियां भी बाजार में छाई हुई हैं। इसके साथ ही पारंपरिक डिजाइन वाली राखियों की मांग भी बनी हुई है। दुकानदारों का कहना है कि त्योहार नजदीक आने के साथ बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। 10 से 500 रुपए तक राखियों की रेंज दुकानदारों के अनुसार बाजार में सामान्य राखियां 10 रुपए से शुरू होकर 100, 200 और 500 रुपए तक की कीमत में उपलब्ध हैं। अलग-अलग डिजाइन और गुणवत्ता के अनुसार इनके दाम तय हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि रक्षाबंधन के दिन नजदीक आने के साथ बिक्री में और तेजी आएगी। सोने-चांदी की राखियां भी आकर्षण का केंद्र सामान्य राखियों के साथ सोने और चांदी से बनी राखियां भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। चौथ माता मंदिर के नजदीक सोने-चांदी के कार्य से जुड़े गुरुवीन सिंह ने बताया कि उनके यहां 200 रुपए से लेकर 5000 रुपए तक की रेंज में राखियां उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से इन राखियों की खरीदारी के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है। महंगाई से नारियल 10 रुपए तक महंगा रक्षाबंधन पर पूजा सामग्री और मिठाइयों के साथ नारियल और गोले की भी विशेष मांग रहती है। इस बार महंगाई का असर इनकी कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है। पिछले करीब 15 दिनों में नारियल के भाव में करीब 10 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। पहले 20 रुपए में मिलने वाला नारियल अब करीब 30 रुपए में बिक रहा है। खोपरा गोला भी 70 रुपए किलो तक चढ़ा खोपरा गोला भी पिछले एक महीने में करीब 70 रुपए प्रति किलो तक महंगा हुआ है। दुकानदारों के मुताबिक एक माह पहले गोले का भाव करीब 350 रुपए प्रति किलो था, जो वर्तमान में बढ़कर 400 से 420 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है। रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ मांग बढ़ने पर कीमतों में और बदलाव की संभावना जताई जा रही है।