नगर परिषद झुंझुनूं के सभापति पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान के नामांकन पर आई आपत्ति खारिज कर दी गई है। आपत्तिकर्ता विपुल कुमार ने प्रत्याशी के भाई के नाम नगर परिषद से जुड़े ठेकों होने का हवाला देते हुए नामांकन निरस्त करने की मांग की थी। एसडीएम रामकरण सिंह ने दोपहर 3 बजकर 10 मिनट पर कांग्रेस प्रत्याशी और भाजपा के प्रतिनिधि को अपने चेंबर में बुलाया और पूरे मामले आपत्ति खारिज करने का फैसला सुनाया। बता दें कि कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता का दबाव बनाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। नेताओं ने विधायक राजेंद्र भांबू पर भी प्रशासन पर दबाव बनाने के आरोप लगाए। सिर्फ रिश्तेदारी नहीं, ‘हित’ साबित करना जरूरी एक्सपर्ट के अनुसार, नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा 24(1)(xv) है। इस प्रावधान में नगरपालिका सदस्य के लिए अयोग्यता की स्थिति तब बनती है, जब प्रत्याशी स्वयं या उसके परिवार के सदस्य, साझेदार, नियोक्ता या कर्मचारी के माध्यम से नगरपालिका के आदेश से किए गए किसी काम या आपूर्ति अथवा नगरपालिका के साथ किसी अनुबंध या रोजगार में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष शेयर या हित रखता हो। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला कांग्रेस की ओर से इस आपत्ति पर जवाब देते हुए कहा गया था कि केवल प्रत्याशी के भाई का नगरपालिका से ठेका होना अपने आप में प्रत्याशी को अयोग्य नहीं बनाता। कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि कानून के तहत वास्तविक प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हित का परीक्षण जरूरी है। इस संदर्भ में कांग्रेस की कानूनी राय में सुप्रीम कोर्ट के गुलाम यासीन खान बनाम Sahebrao Yashwantrao Walaskar मामले का हवाला दिया। 17 जनवरी 1966 के इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट के सामने नगरपालिका चुनाव में प्रत्याशी के बेटे के नगर पालिका में रोजगार के आधार पर अयोग्यता का सवाल था। कोर्ट ने केवल पारिवारिक संबंध के आधार पर नगर पालिका के रोजगार में प्रत्याशी का हित मान लेने को पर्याप्त नहीं माना था। नगर परिषद के बाहर जुटी भीड़, नारेबाजी नामांकन पर आपत्ति की खबर सामने आने के बाद नगर परिषद परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मौके पर नारेबाजी भी हुई। कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष खलील बुडाना सहित कांग्रेस नेताओं ने मामले को लेकर भाजपा और प्रशासन पर सवाल उठाए। पुलिस मुस्तैद, स्थिति पर नजर नगर परिषद के बाहर भीड़ जुटने और नारेबाजी को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस की ओर से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए। ये खबर भी पढ़ें कांग्रेस को बोर्ड बनाने के लिए 1 पार्षद की जरूरत:निर्दलीय को प्रस्तावक बनाया; भाजपा को 16 मनाने होंगे; देखें प्रत्याशियों की प्रोफाइल झुंझुनूं में सभापति के 3 नॉमिनेशन, कांग्रेस ने 2 भरवाए:भाजपा से मनु धनकड़ पहुंचे, कांग्रेस से अब्दुल्ला अगवान का नाम भाजपा के बागी ने कांग्रेस से चेयरमैन का फॉर्म भरा:7 पार्षदों के साथ शामिल हुए, समर्थन का आंकड़ा 12 पहुंचने का दावा