झुंझुनूं नगर परिषद चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने सोमवार को मुनि आश्रम स्थित पटोदिया सभागार में बैठक की। बैठक में विधायक राजेंद्र भाम्बू ने चुनावी रणनीति बताते हुए 50 से 55 वार्ड जीतने और भाजपा का सभापति बनाने का दावा किया। पार्टी ने 27 अगस्त से नामांकन शुरू होने से पहले प्रत्याशियों की घोषणा करने की बात कही है। टिकट के लिए आंतरिक सर्वे, कार्यकर्ताओं के आवेदन और स्थानीय समीकरणों के आधार पर उम्मीदवार तय किए जाएंगे। चुनावी रणनीति और बूथ स्तर तक तैयारी बैठक में प्रमुख पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, वार्ड प्रभारियों और संयोजकों ने हिस्सा लिया। इसमें चुनावी रणनीति, टिकट वितरण और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर चर्चा की गई। विधायक राजेंद्र भाम्बू ने कार्यकर्ताओं से विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस बार नगर परिषद के 50 से 55 वार्डों में जीत दर्ज करेगी और परिषद में भाजपा का ही सभापति बनेगा। सरकार के काम के आधार पर वोट मांगने की अपील विधायक राजेंद्र भाम्बू ने 2024 के उपचुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि "70 साल पर डेढ़ साल भारी" साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने जनहित में कई योजनाएं लागू की हैं और क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने इन्हें भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। भाम्बू ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने को कहा। 27 अगस्त से पहले घोषित होंगे प्रत्याशी विधायक भाम्बू ने कहा कि 27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही भाजपा अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी। उन्होंने एक बार फिर विश्वास जताया कि भाजपा नगर परिषद के 50 से 55 वार्डों में जीत हासिल करेगी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को उनके आवास पर एक बड़ा कार्यक्रम होगा। इसमें राजस्थान सरकार के मंत्री झाबर सिंह खर्रा भी शामिल होंगे। जिताऊ और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को टिकट बैठक के मुख्य वक्ता और संभाग सह प्रभारी विजेंद्र पूनिया ने कहा कि भाजपा संगठन के लिए कठिन परिस्थितियों में भी समर्पित रहने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि टिकट उन्हीं कार्यकर्ताओं को मिलेगा जो संगठन के प्रति निष्ठावान होने के साथ चुनाव जीतने की क्षमता रखते हों। पूनिया ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। आंतरिक सर्वे से तय होंगे उम्मीदवार सह प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि टिकट वितरण पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया से किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में आंतरिक सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी स्थानीय परिस्थितियों का गहन अध्ययन कर रही है। जहां जरूरी होगा, वहां मूल निवासी और मजबूत स्थानीय चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि चुनाव में अधिकतम सफलता हासिल की जा सके। महिला आरक्षण पर जिलाध्यक्ष ने कहा- महिलाएं खुद करें नेतृत्व बैठक के बाद मीडिया ने नगर परिषद चुनाव में महिला आरक्षण वाली सीटों पर निर्वाचित महिलाओं की जगह उनके परिजनों द्वारा काम संभालने को लेकर सवाल किया। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने कहा कि भाजपा महिलाओं को केवल चुनाव लड़ाने तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें नेतृत्व की मुख्य भूमिका में देखना चाहती है। उन्होंने कहा, "अगर ऐसा होता तो आज यहां मीडिया से बात करने के लिए मैं नहीं, मेरी जगह कोई पुरुष खड़ा होता। हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि महिला आरक्षण के तहत जीतकर आने वाली महिलाएं स्वयं आगे बढ़कर जनता के बीच काम करें और नेतृत्व करें।" कार्यकर्ताओं से लिए चुनाव लड़ने के आवेदन बैठक के दौरान निकाय चुनाव संयोजक विपुल छक्कड़ और सह संयोजक संदीप गोयल ने चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन पत्र लिए। माना जा रहा है कि इन्हीं आवेदनों और आंतरिक सर्वे के आधार पर पार्टी प्रत्याशियों के नाम अंतिम रूप देगी। बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने की। जिला प्रवक्ता संजय मोरवाल ने मंच संचालन किया और शहर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा ने आभार व्यक्त किया। बैठक में जिला संगठन सह प्रभारी मुकेश गोयल, चुनाव प्रभारी चेतन कुमावत, राकेश कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष बनवारीलाल सैनी, जगदीश खाजपुरिया, दलीप सैनी, आईटी संयोजक सौरभ सोनी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, वार्ड प्रभारी, संयोजक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।