जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय (JNVU) के नया परिसर में एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में पीड़ित युवक की नाक की हड्डी टूट गई और चेहरे पर गंभीर चोट भी आई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में भगत की कोठी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना देर रात करीब 2 बजे की है। मामले में बाड़मेर के धोरीमन्ना हाल पावटा, जोधपुर निवासी राजूराम (28) पुत्र हरजीराम विश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, राजूराम जयनारायण व्यास यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करता है। रात करीब 2 बजे वह अपने दोस्तों के साथ यूनिवर्सिटी के नया परिसर में बैठा था। इसी दौरान प्रकाश गोदारा नाम का व्यक्ति वहां आया और जान से मारने की नियत से लोहे की धारदार रॉड से उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने राजूराम के सिर, गर्दन और नाक पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में पीड़ित राजूराम की नाक और अंदर की हड्डी टूट गई। लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाक पर 7 टांके आए हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि प्रकाश गोदारा ने मारपीट के साथ ही उसका मोबाइल तोड़ दिया और बाइक में भी तोड़फोड़ की, जिससे उसका करीब 15 से 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। हेड कॉन्स्टेबल करनाराम ने बताया कि युवक की ओर से रिपोर्ट दी गई है। मामला दर्ज कर शुरू की गई है। वहीं पीड़ित ने बताया कि वह पहले से आरोपी को जानता है। उसने बताया कि आरोपी यूनिवर्सिटी में नहीं पढ़ता हैं। उसके खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हो चुके हैं। आरोपी आए दिन दादागिरी करता है। घटना के दिन भी उसने झगड़ा किया था।