जोधपुर में निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा फाइनल मोड में है। प्रत्याशियों के आवेदन फार्म लिए जा रहे हैं। उम्मीदवारी जताने वाले कार्यकर्ताओं के मंगलवार से इंटरव्यू भी शुरू हो गए हैं। इस दौरान जोधबपुर के कॉमेडियन पंकज भी इंटरव्यू देने पहुंचे। जल्द ही स्क्रूटनिंग होने के बाद पैनल तैयार होंगे। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि राखी के बाद पहली लिस्ट जारी हो सकती है। इंटरव्यू में उम्मीदवारी जताने वालों से उनकी संगठन में सक्रियता और अब-तक उन्होंने क्या-क्या किया ये भी पूछा जा रहा है। विधानसभा वार लिए जा रहे हैं इंटरव्यू भाजपा की ओर से विधानसभावार सभी के फॉर्म लिए गए थे। इसके लिए मंगलवार को भाजपा कार्यालय में ही शहर, सूरसागर और सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र वार उम्मीदवारी जताने वाले कार्यकर्ताओं के इंटरव्यू लिए गए। इस दौरान इनसे पूछा गया कि संगठन में कब से हैं। इसके साथ ही अब तक संगठन के लिए क्या किया और क्या पहले कभी चुनाव लड़ा या नहीं। इतना ही नहीं वार्ड की राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर भी सवाल किए गए। विधानसभा के अनुसार तैयार होंगे पैनल, तीन से चार नाम संभावित बताया जा रहा है कि इन इंटरव्यू के बाद भाजपा विधानसभा वार वार्डों के पैनल तैयार कर संगठन के अधिकारियों को भेजेगी। हर पैनल में तीन से चार संभावित नाम होंगे। सूत्रों के अनुसार भाजपा राखी के बाद पार्षदों की पहली लिस्ट जारी कर सकती है। इधर, आवेदन के अंतिम दिन मंगलवार को कई पूर्व पार्षद, मंडल अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी आवेदन जमा करवाने पहुंचे।