मेयर का चुनाव भाजपा जीत चुकी है। भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता ने कांग्रेस के राजेंद्र सोलंकी को हराकर मेयर पद पर काबिज हुए हैं। वहीं आज शनिवार को डिप्टी मेयर का चुनाव होना है। इसके लिए भाजपा और कांग्रेस में दोनों दलों में देर रात तक मंथन चलता रहा। इन परिणाम के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा ने डिप्टी मेयर के चुनावों को लेकर कहा-रिजल्ट चाहे कुछ भी रहे लेकिन चुनाव लड़ना जरूरी है। शनिवार सुबह 10 बजे से डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू हो जाएगा। हालांकि दोनों दलों के नेता अभी बाड़ेबंदी में ही है। भाजपा पदाधिकारियों की एक घंटे तक चली मीटिंग, देर रात तक प्रत्याशी संभव इधर, मेयर पद के चुनावों के बाद भाजपा ने डिप्टी मेयर के चुनावों को लेकर मंथन शुरू कर दिया था। इसे लेकर देर शाम भाजपा पदाधिकारियों की मीटिंग भी हुई। फिलहाल नाम तय नहीं है लेकिन बताया जा रहा है कि दो नामों को लेकर मंथन चल रहा है। इनमें एक प्रत्याशी सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से भी हो सकता है। इसे लेकर सभी पदाधिकारियों की बैठक हुई और नामों को लेकर चर्चा हुई थी। बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में नामों की घोषणा हो जाएगी। कांग्रेस की रात को बैठक, उम्मीदवार के लिए पार्षदों की लेंगे राय वहीं कांग्रेस की तरफ से डिप्टी मेयर के प्रत्याशी को लेकर रात के सभी पार्षदों की बैठक बुलाई गई थी। इसमें पार्षदों से प्रत्याशी को लेकर राय ली गई। कांग्रेस भी शनिवार सुबह तक प्रत्याशी का एलान करेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा ने ने बताया कि कांग्रेस डिप्टी मेयर के चुनाव में उम्मीदवार खड़ा करेगी।