नवरात्र में घर पर पूजा कर रही विवाहिता दीये की लौ से लगी आग में बुरी तरह झुलस गई। देखते ही देखते आग उसके पूरे कपड़ों में फैल गई और उसकी स्किन तक जल गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी घर में घुसे और आग बुझाई। घटना पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन उपखंड के भीमालिया गांव में रविवार की है। हादसे में स्वीटी (24) पत्नी अरविंद करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गई। गंभीर हालत में उसे पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि स्वीटी रविवार को घर में अकेली थी। नवरात्र के मौके पर घर में पूजा कर रही थी। इसी दौरान दीपक की लौ से उसके कपड़ों में आग लग गई। अचानक आग लगने से वह घबरा गई और चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इसके बाद उसे तत्काल बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया। करीब 70 प्रतिशत झुलसने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। दो महीने पहले हुई थी शादी, पति सूरत से पहुंचा स्वीटी की शादी करीब दो महीने पहले ही हुई थी। महिला का पति अरविंद गुजरात के सूरत में काम करता है। हादसे की जानकारी मिलने पर वह सोमवार को जोधपुर हॉस्पिटल पहुंचा। फिलहाल महिला की हालत गंभीर है, जिसका इलाज जारी है।